दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों ने सीखे आधुनिक शिक्षण के नए आयाम
इटावा। यश इंटरनेशनल स्कूल, विजयपुरा,कचौरा रोड पर शिक्षकों के व्यावसायिक विकास,शिक्षण कौशल में वृद्धि एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय Teacher Enrichment Summit का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन हर्षवर्धन सिंह भदौरिया,वाइस चेयरमैन प्रशांत भदौरिया,डायरेक्टर मनोज कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य श्रीमती श्रद्धा दुबे के मार्गदर्शन में हुआ।इस विशेष दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित विशेषज्ञ श्रीमती मीनाक्षी शर्मा (को-ऑर्डिनेटर,एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वसुंधरा,गाजियाबाद) एवं श्रीमती मोना राय (हेडमिस्ट्रेस,यश मेमोरियल स्कूल, नोएडा)ने बतौर प्रशिक्षक सहभागिता की।
उन्होंने शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों,प्रभावी कक्षा प्रबंधन,नवाचार आधारित शिक्षण तकनीकों,रचनात्मक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों,संवाद सत्रों,समूह चर्चाओं एवं कार्यशालाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों ने नई शिक्षण रणनीतियों,बेहतर कक्षा संचालन एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को समझा।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एक प्रशिक्षित,प्रेरित एवं समर्पित शिक्षक ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई ऊर्जा, नवीन विचार एवं बेहतर शिक्षण दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।प्रधानाचार्य श्रीमती श्रद्धा दुबे ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर सीखना और स्वयं को बेहतर बनाना ही एक उत्कृष्ट शिक्षक की पहचान है।





