25 मी.सबमर्सिबल केबल, एक वेल्डिंग मशीन, 2.5 किलोग्राम तांबे का तार बरामद
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने अन्तर्जनपदीय ट्यूबवैल तार चोर गिरोह के पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 मीटर सबमर्सिबल केबल, एक वेल्डिंग मशीन, 2.5 किलोग्राम तांबे का तार व 02 अरथिंग रॉड बरामद की है। पुलिस ने पांचों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों के समक्ष तार चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि विगत् 29 अप्रैल वादी संजय कुमार पुत्र कैलाश चन्द निवासी बाल विधा मन्दिर वाली गली कस्बा छुटमलपुर, विगत् 27 फरवरी को वादी सावेज पुत्र इकबाल निवासी रसूलपुर कलाँ थाना फतेहपुर तथा विगत् 16 अप्रैल को वादी मौर्य आनन्द कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम बरतसपुर थाना मछलीशहर जिला जोनपुर हाल तैनाती 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र फतेहपुर की तहरीर पर अज्ञात चोरो के खिलाफ तार चोरी कर ले जाने के संबंध में अलग-अलग मुकदमें पंजीकृत कराये गये थे।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक मशकूर अली, बबलू कुमार व बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अमजद उर्फ उर्मिला पुत्र खुर्शीद, वंश पुत्र पप्पू, नौमान पुत्र अब्दुल वहीद, आकाश उर्फ काशी पुत्र पुष्पेंद्र निवासीगण ग्राम फतेहपुर भादो थाना फतेहपुर व रहीश पुत्र मौसम निवासी ग्राम भटपुरा थाना फतेहपुर को कस्बा छुटमलपुर मे ईदगाह के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 मीटर सबमर्सेबिल केबल, एक वेल्डिंग मशीन, एक टूल बॉक्स, तांबे के तार से लिपटा एक निगरोलकर, एक गिलैंडर मशीन, एक ड्रिल मशीन, 2.5 किलोग्राम तांबे का तार व दो अरथिंग रॉड़ बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा कि वह एक साथ मिलकर जंगलो मे टयूबवैल व गाँव मे खाली पडे मकान व दुकानो से आदि जगहों से अपने नशे व पैसो की जरूरत को पूरा करने के लिये चोरी करते है औऱ चोरी के सामान को कबाड़ का सामान खरीदने वाले अंजान व्यक्ति को बेच देते है। पुलिस ने पांचों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।





