शोहरतगढ़। भारत-नेपाल सीमा पर खाद और बीज की तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। खुनुवा बॉर्डर पर एक बार फिर तस्करों की सक्रियता सामने आई है। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कार्रवाई करते हुए यूरिया, डीएपी और धान के बीज की बड़ी खेप बरामद की है तथा एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है।
सूचना के आधार पर महली गांव के पास सीमा स्तंभ संख्या-554 पर गश्त कर रही एसएसबी टीम ने तीन साइकिलों पर सामान लादकर सीमा की ओर बढ़ रहे चार संदिग्धों को देखा। जवानों को देखते ही तस्कर सामान छोड़कर भागने लगे। हालांकि एसएसबी ने पीछा कर एक व्यक्ति को धर दबोचा, जबकि उसके तीन साथी नेपाल की ओर फरार हो गए।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शकिल अहमद पुत्र निजामुद्दीन अहमद, निवासी सुथौली (नेपाल) के रूप में हुई है। मौके से 05 बोरी यूरिया, 02 बोरी डीएपी खाद और 106 किलोग्राम शंकर धान बीज बरामद किया गया।
सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही खाद और कृषि सामग्री की तस्करी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर तस्कर बार-बार सीमा तक पहुंच कैसे जा रहे हैं? कौन लोग इस नेटवर्क को संरक्षण दे रहे हैं? यह जांच का विषय है।
बरामद सामान और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग खुनुवा के हवाले कर दिया गया है। एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





