बांसी सिद्धार्थनगर। बदलते मौसम के मिजाज ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ भी बढ़ गई है। बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे जब हमारी टीम तिलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंची, तो वहां स्वास्थ्य सेवाओं की सक्रियता की एक सकारात्मक तस्वीर देखने को मिली।अस्पताल परिसर में मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी, लेकिन सुरक्षा गार्डों के सहयोग से व्यवस्था काफी अनुशासित दिखी। एक-एक कर मरीजों को डॉक्टर के कक्ष में भेजा जा रहा था ताकि भीड़ के कारण किसी को असुविधा न हो।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र चौधरी स्वयं ओपीडी में मौजूद रहकर एक-एक मरीज का गहन परीक्षण कर रहे थे। डॉ. चौधरी बड़ी ही तन्मयता और संवेदनशीलता के साथ मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं।सीजनल बीमारियों का बढ़ा प्रकोप “बदलते मौसम के कारण सीजनल बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। अस्पताल में इस समय सबसे ज्यादा उल्टी, दस्त, बुखार और खांसी के मरीज पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन लगभग 300 से 400 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
अस्पताल की सुविधाओं और तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में दवाइयों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि एंटी-डायरिया और एंटी-इमेटिक्स उल्टी की दवा,बुखार और खांसी की दवाइयां,एंटी-रेबीज वैक्सीन सहित सभी जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।डॉ. चौधरी के नेतृत्व में अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध नजर आया। क्षेत्रीय लोगों ने भी अधीक्षक की कार्यशैली और समयबद्धता की सराहना की है।





