पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर पवित्र कुरान को राजनीतिक रंजिश में घसीटने का आरोप लगाया। उन्होंने एनसी से मुस्लिम मुद्दों पर चुप्पी साधने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कुरान का इस्तेमाल न करने को कहा।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) पर पवित्र कुरान को राजनीतिक रंजिश में घसीटने और मुसलमानों से जुड़े अहम मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया।
महबूबा मुफ्ती ने कहा, “नेशनल कॉन्फ्रेंस इस हद तक गिर गई है कि इन्होंने पवित्र कुरान को भी सियासत में घसीट लिया है। इन्हें पवित्र कुरान की महत्ता समझ नहीं आती।” उन्होंने कहा, “हमसे सियासी लड़ाई लड़ रहे हैं और पवित्र कुरान के पहले धर्म का भी पता नहीं। अगर पता होता तो वक्फ बिल पास होने पर मुंह खोलते। सिराज-उल-उलूम स्कूल बंद हुआ तो बोलते।”
मस्जिद कमेटियों की निगरानी और उर्दू की बर्बादी पर खामोश
पीडीपी अध्यक्ष ने एनसी पर मस्जिद कमेटियों, मौलवियों और इमामों की निगरानी के साथ-साथ उर्दू भाषा की “बर्बादी” पर चुप रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि सरकारी विभागों में बिना विज्ञापन के बैकडोर नियुक्तियां हो रही हैं। “जो नौकरियां बैंकों को आउटसोर्स की जा रही हैं आपको पता भी नहीं, कोई विज्ञापन नहीं है। वो भी हजारों में। तो अगर अपनी नाकामियों से हमारा ध्यान भटकाना है, तो खुदा के लिए पवित्र कुरान को इसमें मत घसीटो।”
नाकामी छुपाने को हमसे लड़ें, कुरान को न घसीटें
उन्होंने नशा तस्करों और आतंकी हमदर्दों के नाम पर घर गिराने और सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकालने पर भी एनसी की आलोचना की। “आज ड्रग पेडलर्स के नाम पर लोगों के घर गिराए जा रहे हैं। उससे पहले आतंकी हमदर्दों के घर तोड़े गए। कर्मचारियों को सरकारी नौकरियों से निकाला जा रहा है। ये तमाशा देख रहे हैं। पीडीपी प्रधान ने कहा कि नेकां अपनी नाकामियां छुपाने के लिए हमसे लड़ें, हमें इल्जाम दें। और खुदा के वास्ते, पवित्र कुरान को इसमें मत घसीटें।”
नेकां ने पीडीपी पर क्रास वोटिंग का लगाया आरोप
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा चुनावों में क्रास वोटिंग को लेकर चले रहे विवाद को लेकर सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के मुख्य प्रवक्ता और ज़दीबल से विधायक तनवीर सादिक ने विपक्षी पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के विधायकों से कुरान पर हाथ रखकर कसम खाने को कहा था कि उन्होंने चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार को वोट नहीं दिया।
सादिक ने कहा कि PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती और उनके तीन विधायकों को कुरान पर हाथ रखकर कसम खानी चाहिए कि उन्होंने क्रास वोटिंग नहीं की। सादिक ने यह बात गत मंगलवार को श्रीनगर में पत्रकारों के समक्ष कही। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने प्रांतीय अध्यक्ष को अपना पोलिंग एजेंट चुना था। अगर हम अपने वोट एजेंट को नहीं दिखाते, तो हमारे विधायकों के वोट अमान्य हो जाते। महबूबा मुफ़्ती साहिबा और उनके तीन विधायकों को कुरान पर हाथ रखकर कसम खानी चाहिए कि उन्होंने BJP को वोट नहीं दिया। अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम अपना बयान वापस ले लेंगे।”





