महत्वपूर्ण ख़बर अम्बेडकरनगर आज दिनांक 20.03.2026 को सायं 05ः30 बजे विकास भवन सभागार, अम्बेडकरनगर में जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ‘‘जिला श्रम बन्धु’’ समिति, जनपद स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन समिति, जिला टास्क फोर्स एवं बन्धुआ श्रम सतर्कता समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्रमिक कल्याण, श्रम कानूनों के अनुपालन तथा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं नेशनल पेंशन स्कीम-ट्रेडर्स के अंतर्गत प्रगति बढ़ाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही वर्ष 2027 तक जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु नियमित विशेष अभियान संचालित करने पर बल दिया गया। उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत कार्यस्थल पंजीयन में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्य के सापेक्ष 803 पंजीयन पूर्ण किए गए। उपकर (सेस) वसूली में ₹12.47 करोड़ की प्रगति दर्ज की गई, जिसके संबंध में विभागों को समयबद्ध जमा एवं ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद में अब तक कुल 1,42,906 श्रमिक पंजीकृत हैं तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में 15,230 नए पंजीयन किए गए हैं। श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त 754 आवेदनों में से 703 का निस्तारण किया जा चुका है। कन्या विवाह सहायता योजना एवं मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से आच्छादित हैं, जिनमें जनपद द्वारा उत्कृष्ट प्रगति प्राप्त की जा रही है। ‘‘जीरो पॉवर्टी’’ कार्यक्रम के अंतर्गत 16,137 के सापेक्ष 11,071 पात्र परिवारों का श्रम कार्ड पंजीयन कराया जा चुका है तथा शेष परिवारों के शत-प्रतिशत पंजीयन हेतु विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में ई-श्रम पंजीकरण, डॉ० भीमराव अम्बेडकर श्रमिक सुविधा केन्द्र (लेबर अड्डा) की स्थापना, बाल श्रम उन्मूलन एवं बन्धुआ श्रम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक श्रमायुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्योग एवं श्रमिक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।





