जनपद के बीघापुर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फौजी ढाबा, दांदामऊ पर खाना खाने के दौरान दो ट्रक चालकों के बीच हुए विवाद में एक चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को झारखंड के जमशेदपुर निवासी सूरज सिंह 25 वर्ष और काशीनाथ राउत अपनी-अपनी चेसिस ट्रकों को फौजी ढाबा, दांदामऊ पर खड़ी कर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर काशीनाथ राउत ने जेब से स्टील का चाकू निकालकर सूरज सिंह की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज सिंह को 100 शैय्या अस्पताल, बीघापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बीघापुर में मु.अ.सं. 181/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत बीघापुर पुलिस ने उसी दिन आरोपी काशीनाथ राउत, निवासी बिरसानगर, थाना बिरसानगर, जिला पूर्वी सिंह भूम झारखंड को दांदामऊ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक स्टील का चाकू भी बरामद किया।इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार कटियार, उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, आरक्षी नितिन कुमार, आरक्षी प्रेमचन्द्र तथा महिला आरक्षी नीलम की टीम शामिल रही। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।





