कोतवाली क्षेत्र में जगजोतपुर मजरे गंगौली गांव में बांस की कैनी काटने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
जगजोतपुर मजरे गंगौली निवासी भवानी प्रसाद पुत्र स्व. राम हरख) गुरुवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित बांस की कोठ में कैनी काट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी शीतला प्रसाद पुत्र स्व. राम सरन वहां पहुंचे और बांस की टहनी काटने का विरोध करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित का कहना है कि वह बांस की कोठ पुश्तैनी है और उसमें उनका भी हिस्सा है। जब उन्होंने विरोध किया तो शीतला प्रसाद के बेटे अभय राज, श्रीकांत और रमाकांत भी मौके पर पहुंच गए और उनकी कुल्हाड़ी छीनकर मारपीट पर आमादा हो गए।
घटना की सूचना पर पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराया और थाने जाकर शिकायत करने की सलाह दी।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद विपक्षियों ने दोबारागाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भवानी प्रसाद ने अमेठी कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित उपनिरीक्षक को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।





