हर रविवार मच्छर पर वार” थीम पर चलेगा विशेष अभियान
हमीरपुर। जनपद में मलेरिया एवं डेंगू जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर आगामी वर्षा एवं संक्रमण काल को देखते हुए हाई रिस्क क्षेत्रों में व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में ज़ूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से जिला स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों एवं विभागीय अधिकारियों को वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण संबंधी जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 1 जून से 15 जून 2026 तक विशेष “दस्तक अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें हाई रिस्क क्षेत्रों के गांवों और नगरीय वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। इसके लिए आशा, एएनएम, वीएचएनसी एवं सीएचओ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को चिन्हित कर नष्ट किया जाएगा तथा बुखार पीड़ित लोगों का सर्वे कर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। “हर रविवार मच्छर पर वार” थीम के तहत विशेष एंटी-लार्वा एवं एंटी-मच्छर अभियान भी चलाया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों के नोडल शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि स्कूली बच्चों के माध्यम से जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंच सके। वहीं ग्राम्य विकास, पंचायती राज एवं नगर विकास विभागों के सहयोग से जलभराव और गंदगी दूर करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डेंगू के संभावित या पुष्ट मरीज मिलने पर 24 से 48 घंटे के भीतर संबंधित क्षेत्र में फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं अन्य नियंत्रण गतिविधियां कराई जाएंगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
ऑनलाइन प्रशिक्षण में वेक्टर जनित रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने अभियान के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।





