अव्यवस्थाओं के चलते बारिश में भीगता है अनाज, लगता है लंबा जाम; हलधर किसान यूनियन ने उठाई आवाज
महोबा। भारतीय हलधर किसान यूनियन क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं को लेकर आएदिन कोई न कोई मुद्दा उठाते हुए प्रदर्शन कर जिले के आला अफसरों के साथ साथ सीएम और पीएम को ज्ञापन भेजकर अवगत कराते हुए मांगों को पूरा करने का प्रयास कर रही है। सोमवार को एक बार फिर भारतीय हलधर किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष जनक सिंह परिहार के नेतृत्व में नवीन गल्ला मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को चुस्त दुरूस्त कराने और मंडी को विस्थापित कराए जाने के संबन्ध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जिले के अलावा पडोसी जनपद छतरपुर के आधा सैकड़ा गांवों के किसान महोबा मंडी पर आश्रित हैं।
वह अपनी उपज की पैदावार बेचने के लिए बाध्य हैं। मंडी में जगह कम होने की स्थिति में सड़क पर वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग जाती है, जिस कारण आएदिन जाम की स्थिति से आमजन का सामना करना पड़ता है। बताया कि मंडी में पर्याप्त जगह न होने की वजह से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। किसानों को सबसे ज्यादा दिक्कत बारिश के मौसम में होती। मंडी में बेचने के लिए लाई गई फसल बारिश में भीगकर बर्बाद हो जाती है साथ ही मंडी भी जलमग्न हो जाता है।
ज्ञापन में बताया कि व्यापारियों को भी बारिश के पानी से अपने माल को सुरक्षित रखने के लिए भारी मशक्कत करना पड़ती है, बावजूद इसके उनका माल पानी में भीग जाता है और उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ता है साथ ही किसानों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बताया कि यदि गल्लामंडी शिफ्ट होती है तो नवीन गल्लामंडी में अन्य मंडियां विस्थापित हो जाएंगी, जिससे शहर में गंदगी से निजात के साथ विकास में चार चांद लग जाएंगे।
उन्होंने मांग उठाई कि सूपा मंडी में लगभग 350 दुकानों के साथ दर्जनों बेयर हाउस मय कालोनी के बने हैं, जिस पर जिलाधिकारी गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए कार्रवाई अमल में लाए, जिससे किसानों की समस्या दूर हो सके। ज्ञापन देने वालों में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रजेंद तिवारी, तहसील अध्यक्ष शिशुपाल सिंह परिहार, अनिल प्रताप सिंह अजनर, अर्जुन सिंह परिहार मुहारी, शान सिंह गंज, कैलाश आदि किसान नेता व किसान उपस्थित रहे।





