बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मसौली थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एक डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग लखनऊ के कमता इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को स्थानीय लोगों तथा पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की तलाश जारी है। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।





