HomeMarquee48वें दीक्षांत समारोह में 63 हजार से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां, 43...

48वें दीक्षांत समारोह में 63 हजार से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां, 43 स्वर्ण पदकों से मेधाओं का सम्मान

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह सोमवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि कैप्टन बी.के. त्यागी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, अति विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री तथा विशिष्ट अतिथि रजनी तिवारी, राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित किया। इसके उपरांत कुलपति ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई तथा कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सभी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान किए जाने की औपचारिक घोषणा की। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और संवेदनशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर के 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक के 49,659, स्नातकोत्तर के 13,401 तथा पीएचडी के 123 शोधार्थी शामिल रहे। उपाधि प्राप्त करने वालों में 22,183 छात्र तथा 41,000 छात्राएं रहीं, जो उच्च शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी का सशक्त प्रमाण है।

समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को 43 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें स्नातक वर्ग के 8 तथा स्नातकोत्तर वर्ग के 16 विद्यार्थियों के अलावा दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी को भी स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कुल 17 विद्यार्थियों ने दो-दो स्वर्ण पदक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय के 49 पाठ्यक्रमों में 56 विद्यार्थियों ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर अपने-अपने विषयों में शीर्ष स्थान हासिल किया, जिनमें 43 छात्राएं और 13 छात्र शामिल हैं। स्नातक वर्ग में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि की त्रिशा सिंह गौतम को श्री भगवान दास स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, बी.एड. की निधि श्रीवास्तव को प्रो. के.पी. पाण्डेय स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा एलएलबी की हरि प्रिया को कृष्ण वासुदेव स्मृति स्वर्ण पदक एवं विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। समारोह के सांस्कृतिक सत्र में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टिकरी की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित समूह गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को प्रकृति संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। दीक्षांत समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में तेलंगाना स्थित श्री देवी हैंडलूम के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के चार शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान भी प्रदान किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular