शारदीय नवरात्रि पर नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए समर्पित

0
636

मिशन शक्ति के 5वें चरण का हुआ शुभारंभ, जनपद में देखा गया सजीव प्रसारण

ललितपुर। शक्ति पर्व शारदीय नवरात्रि पर महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के 5वें चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। इसका सीधा प्रसारण जिले में देखा गया। राज्यमंत्री मनोहर लाल, विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, सदस्य राज्य महिला आयोग अर्चना पटेल, जिलाधिकारी अमलदीन डुली, पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक समेत सभी ने देखकर जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने का संकल्प लिया। लोकभवन लखनऊ में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1663 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों का उद्घाटन कर केन्द्रों से सम्बंधित एसओपी की पुस्तिकाओं का विमोचन किया।

सम्पूर्ण कार्यक्रम सशक्त नारी-समृद्ध नारी, जननी से जनशक्ति की थीम पर आधारित था, जिसमें मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान और आत्मनिर्भरता के बिना समाज का सर्वांगीण विकास सम्भव नहीं है। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक बेटी और महिला को सुरक्षित वातावरण देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए शक्ति के पंच प्रवाह-सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, स्वास्थ्य, सशक्तीकरण के संकल्प का स्मरण कराया। सजीव प्रसारण के उपरान्त डीएम ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में मिशन शक्ति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए निर्देश दिये कि यह अभियान जनपद में जनआन्दोलन के रुप में चलाया जाए, जिससे जनपद में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वालम्बन से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया जा सके।

डीएम ने महिला थानों की सक्रियता और हेल्पलाइन नम्बर 1090, 112 एवं 181 का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए, उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी नवरात्रि के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु पिंक पेट्रोलिंग वाहन और एण्टी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता बढ़ायी जाए। उन्होंने डीआईओएस को निर्देशित किया कि वह विद्यालयों, महाविद्यालयों जागरुकता शिविर आयोजत करायें। कहा कि जनपद प्रशासन मिशन शक्ति को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास करेगा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने आश्वस्त किया कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाये जायेंगे और हर शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने मिशन शक्ति को अपना सहयोग देते हुए जनसहयोग से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here