लापरवाही के चलते झुलसा संविदा लाइनमैन,पुत्र ने दी तहरीर

0
310

 

अवधनामा संवाददाता

आजमगढ़। विद्युत उपकेंद्र प्रभारी से क्षेत्र की आपूर्ति भंग कर ट्रांसफार्मर के मरम्मत की अनुमति लेकर यांत्रिक खराबी दूर कर रहे संविदा लाइनमैन विभागीय लापरवाही के चलते विद्युत स्पर्शाघात से झुलस गया। जिला अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती संविदाकर्मी जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा है। इस बाबत उपचाराधीन कर्मचारी के पुत्र ने उपकेंद्र प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंधरापुर थाने में तहरीर दी है।
कंधरापुर थाना अंतर्गत दरौरा देवखरी ग्राम निवासी 58 वर्षीय राजनारायण दुबे पुत्र स्व० सूर्यनाथ दुबे भंवरनाथ विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन पद पर कार्यरत हैं। बताते हैं कि मंगलवार की शाम वह विद्युत उपकेंद्र प्रभारी से शट डाउन लेकर क्षेत्र के करेन्हुआ हरिजन बस्ती में ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने गए थे। शाम करीब 6.30 बजे वह सीढ़ी की मदद से ट्रांसफार्मर की यांत्रिक खराबी दूर कर रहे थे। तभी विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके चलते वह करंट से झुलस कर जमीन पर गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर उन्हें शहर के निजी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में उपचाराधीन कर्मचारी के पुत्र अनिल दुबे ने विद्युत उपकेंद्र प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंधरापुर थाने में तहरीर देकर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here