डीएसओ और गैस एजेंसी मैनेजर को नोटिस, 28 अप्रैल को पेश होने का आदेश
अंबेडकरनगर जिले में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और उपभोक्ताओं की अनदेखी का मामला अब उपभोक्ता फोरम तक पहुंच गया है। बुकिंग के बावजूद गैस सिलेंडर की डिलीवरी न मिलने पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) और संबंधित गैस एजेंसी प्रबंधक को तलब किया है।
मामला मालीपुर निवासी ईश्वरचंद्र यादव से जुड़ा है, जिन्होंने 16 अप्रैल को उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उनका गैस कनेक्शन जलालपुर स्थित श्रीनरसिंह भारत गैस एजेंसी में है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने 13 मार्च को गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन लंबे समय तक इंतजार के बावजूद डिलीवरी नहीं की गई।
ईश्वरचंद्र यादव का आरोप है कि उन्होंने कई बार एजेंसी प्रबंधक से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। इसके बाद उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग में भी शिकायत की, परंतु वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी और परेशानी से तंग आकर उन्होंने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई करते हुए आयोग के अध्यक्ष गंगाराम ने इसे प्रथम दृष्टया सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक व्यवहार का मामला मानते हुए गंभीरता से लिया है।
आयोग ने डीएसओ शिवाकांत पांडेय और गैस एजेंसी प्रबंधक को नोटिस जारी कर 28 अप्रैल को अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। यह प्रकरण न सिर्फ एक उपभोक्ता की परेशानी को उजागर करता है, बल्कि जिले में संचालित गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई एजेंसियों में प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में इस तरह की अनियमितताएं बड़े पैमाने पर की जा रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।





