अमेठी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेसियों ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में रामधन दान चढ़ावा से जुड़े कथित घोटाले एवं चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। देश की आस्था और धर्म से जुड़े इस विषय में सामने आई अनियमितताओं की खबरों ने जनमानस को आहत किया है। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि धर्म और आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार द्वारा एसआईटी का गठन किए जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज न होना गंभीर प्रश्न खड़े करता है। इसलिए तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष पारदर्शी एवं स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में जोरदार पदयात्रा एवं प्रदर्शन किया। सांसद किशोरी लाल शर्मा के निर्देश तथा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में निकले कांग्रेसजनों के विशाल जनसैलाब ने धर्म और आस्था से जुड़े इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को बुलंद करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। ज्ञापन कार्यक्रम में पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी फतेह बहादुर नगर पालिका परिषद जायस अध्यक्ष मनीषा चौहान प्रवक्ता अनिल सिंह किरण देवी ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव अर्जुन पासी राजू पंडित गीता सिंह रामलखन शुक्ला राजीव सिंह सूर्यभान तिवारी ममता पांडेय शुभम सिंह सुमित तिवारी मो मतीन देवमणि तिवारी अरविन्द चतुर्वेदी अजय सिंह तुलसीराम पासी सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





