राहुल गांधी के निर्देश पर दी आर्थिक सहायता, कैंसर और टीबी की लंबी बीमारी के बाद हुआ था निधन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सुर्खियों में आए कूरेभार थाना क्षेत्र के ढेसरुआ गांव निवासी रामचेत मोची के परिजनों से सोमवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। रामचेत मोची का बीते मंगलवार को कैंसर और टीबी की लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। मचेत मोची के निधन की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनके अंतिम संस्कार और तेरहवीं संस्कार के लिए हर संभव मदद करने का निर्देश दिया था। राहुल गांधी के निर्देश के बाद अमेठी और सुल्तानपुर के कांग्रेसी इस कार्य में जुट गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में सोमवार को यह प्रतिनिधिमंडल कूरेभार के ढेसरुआ गाँव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री मोईद, वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। उन्होंने रामचेत मोची के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि स्वर्गीय रामचेत मोची राहुल गांधी के मित्र होने के साथ-साथ उनके गृह जनपद के निवासी भी थे। उन्होंने इसे नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार हमेशा रामचेत मोची के परिजनों के साथ खड़ा रहेगा और तेरहवीं संस्कार में भी हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। इस मौके पर ममनून आलम, सूचना अधिकार विभाग के ओपी दूबे, अनवर हुसैन फौजी और अजय मिश्रा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।





