निवेश और औद्योगिक विकास बढ़ाने को सफल पहल है सीएम योगी का जापान दौरा : दीपक कारीवाल
मुख्यमंत्री के प्रतिबद्ध प्रयासों की लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष ने की सराहना
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया जापान दौरे से एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) सेक्टर में अद्यानुतन तकनीकी और कौशल विकास से नवाचार और स्टार्टअप्स की गति तीव्र होने की उम्मीद और बलवती हुई है। सीएम योगी के जापान दौरे को निवेश और औद्योगिक विकास के लिए एक सफल पहल मानते हुए लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल का मानना है कि जापान का साथ मिलने से प्रदेश का एमएसएमई सेक्टर और सुदृढ़ होगा और इससे रोजगार सृजन में भी ऊंची छलांग लगेगी।
लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष श्री कारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान जापान की तरफ से उत्तर प्रदेश सरकार को एमएसएमई क्षेत्र में तकनीक हस्तांतरण, कौशल विकास, संयुक्त उपक्रम, सप्लाई चेन एकीकरण, ऑनलाइन सेलिंग में सक्रिय साझेदारी करने का प्रस्ताव दिया जाना राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है। जापान की यह पहल यूपी को औद्योगिक हब और वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सीएम योगी के प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है। सीएम ने कानून व्यवस्था और उद्यमियों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया के लोगों की जो धारणा बदली है, उसी के चलते जापान के प्रमुख उद्योगपतियों ने कृषि मशीनरी, आटो व कंपोनेंट्स, आटो आरएंडडी, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायो गैस, लाजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई है।
श्री कारीवाल ने कहा कि ग्रीन हाईड्रोजन क्षेत्र में आपसी समझौते के अनुसार यामानाशी हाइड्रोजन कंपनी, आईआईटी कानपुर को नोडल बनाकर आईआईटी बीएचयू और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के सहयोग से ग्रीन हाइड्रोजन सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इस पहल के तहत भारतीय छात्रों को जापान में प्रशिक्षण मिलेगा। श्री कारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरे से प्रदेश के औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलेगी। इसका फायदा गोरखपुर को भी मिलेगा।





