हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया होली का पर्व

0
94

Celebrated Holi festival with joy and enthusiasm

‘रंग बरसे भीगे चुनरवाली’ गीत पर लगे ठुमके

अलोक अग्रवाल (अवधनामा संवाददाता)

सहारनपुर। (Saharanpur) जनपद भर में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। नगर व क्षेत्र होली के रंगों में सराबोर नजर आये। जगह-जगह हुड़दंगी ढोल की थाप पर सभी को होली की मुबारकबाद देते दिखाई दिये और कई उत्साही युवकों ने होली के अवसर पर वाहनों में सवार होकर हुड़दंग करते हुए होली के गीतों का लुत्फ उठाया और एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की हार्दिक बधाई दी। कोरोना वायरस के चलते लोगों ने होली खेलने पर पूरी अहतियात बरती, जहां अधिकांश अबीर गुलाल का प्रयोग किया गया, वहीं कुछ लोगों ने पर्व पर केवल औपचारिकता ही निभाने का काम किया।

होली पर्व पर होली के गीतों की पूरी धूम मची रही। दिन की शुरूआत काली घटाओं के साथ हुई और हर कोई होली की मस्ती से सराबोर होने लगा और लोगों ने सुबह 10.30 बजे के बाद ही होली खेलनी आरम्भ की। लेकिन दूसरी तरफ छोटे-छोटे बच्चें सुबह सात बजे से ही छतों पर चढकर लोगों को गुब्बारे मारते हुए नजर आये। ‘रंग बरसे भीगे चुनरवाली’ गाना लोगों की पहली पसंद बना रहा। लोगों ने इस गीत पर जमकर डांस किया और सुबह सवेरे एक-दूसरे के घर में कई तरह के व्यजनों का स्वाद चखा और फिर गुलाल लगाते हुए होली की मुबारकबाद दी। होली पर्व पर युवाओं एवं बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

उन्होंने ढोल की थाप पर जमकर होली खेली। कई उत्साही युवक बाईकों पर व अन्य वाहनों पर निकल पड़े और ढोल की थाप पर होली के गीतों में रम गए। इस बार होली में खुलकर रंगों का प्रयोग किया और होली पर्व पर उत्साही युवक अपनी-अपनी टोलियों में गीत गाते हुए होली की मस्ती में नजर आये। इस दौरान पूरा शहर होली के रंगों में नजर आया। होली पर्व को लेकर इस बार लोगों में ज्यादा उमंग नहीं देखी गई। इस मौके पर चाईनीज आइटमें की बिक्री नहीं हुई। होली खेलने का सिलसिला इस बार पहले की अपेक्षा 3 बजे तक चलता रहा। देर शाम फिर लोगों ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी। पर्व पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाईयां व उपहार भी बांटे।

नगर के विभिन्न चैराहों पर युवक डीजे की धुन पर देर शाम तक नाचते गाते रहे। कई टोलियां ढोल नगाड़ों के साथ होली के गीत गाते व अबीर और गुलाल उड़ाते हुए नजर आये। पक्के रंगों के साथ इस बार हर्बल रंगों व गुलाल का जमकर प्रयोग हुआ। कोरोना वायरस के चलते इस बार होली का खुमार लोगों में कम देखने को मिला और लोगों ने पूरी अहतियात भी बरती। कुछ लोगों ने पर्व की महज औपचारिकता ही निभाने का काम किया। पर्व को शांति पूर्ण संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा बन्दोबस्त किए गए थे और एसएसपी डॉ.एस चन्नपा स्वयं भी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल सडकों पर लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखे हुए थे। नगर क्षेत्र में होली का त्यौहार शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया।

इसके अलावा राधा विहार स्थित मां शक्तिपीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में रगोत्सव मे स्वामी कालेन्द्रानंद महाराज ने कहा कि होली फाग संगोत्सव सनातन संस्कृति का महापर्व है। श्रीरामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होली फाग संगोत्सव में स्वामी कालेन्द्रानंद महाराज के सानिध्य में श्री राधाकृष्ण भगवान की विधिवत् पूजा कर रंगों की पूजा की गयी। सत्संग में ब्रज की होली खेली गयी। आचार्य अजित शर्मा व पंडित नीरज मिश्रा ने पूजन कराया। स्वामी कालेन्द्रानंद महाराज ने कहा कि होली फाग भारतीय संस्कृति में ऐसी प्राचीनतम धरोहर है, जिसमें जीव अपनी बुराई को त्याग कर अच्छाई ग्रहण कर आपसी भेदभाव को मिटाकर सौहार्द कायम रखता है। इस मौके पर अरूण शर्मा, मेहरचंद जैन, नरेश चंदेल, अश्वनी काम्बोज, कार्तिक सैनी, राजबाला, ललतेश, बबीता, कुसुम, रोमा आदि मौजूद रहे।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here