सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज करीब 20 घंटे बाद दूल्हा और दुल्हन के शव घर के कमरे में मिले। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी सनसनी फैल गई।
टेकधर मंदिर में हुई थी शादी
मामला बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव का है। रिपोर्ट के मुताबिक, गांव निवासी देशराज चौहान (21) और जोगिया थाना क्षेत्र की अनीता (19) का लंबे समय से रिश्ता था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद सोमवार दोपहर बांसी स्थित टेकधर मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया था। इसके बाद घर में रिश्तेदारों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन भी हुआ।
सुबह कमरे में मिले दोनों के शव
मंगलवार सुबह परिवार की एक महिला जब नवदंपती को जगाने कमरे में पहुंचीं तो दोनों मृत मिले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बांसी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस के अनुसार, फिलहाल दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ होने की बात कही गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अगले ही दिन दो मौतों से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।





