बांसी सिद्धार्थनगर। मंगलवार को ब्लॉक खेसरहा में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री नीरज कुमार सिंह द्वारा की गई।नामांकन एवं ट्रांजिशन: बैठक में नवीन नामांकन और कक्षा 5 उत्तीर्ण कर चुके छात्रों का कक्षा 6 में प्रवेश दिलाने की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि ब्लॉक में ट्रांजिशन शत-प्रतिशत रहा है, जिसे खंड शिक्षा अधिकारी ने अत्यंत संतोषजनक और सराहनीय बताया।CWSN बच्चों की नियमित उपस्थिति की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वर्तमान में उपस्थिति मात्र 65 प्रतिशत है।
इस पर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और इसे असंतोषजनक बताते हुए तत्काल शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।अवगत कराया गया कि वर्तमान में 29 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का नामांकन किया गया है। वीईओ ने इसे प्राथमिकता के आधार पर बढ़ाते हुए सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य पूरा न होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षक श्री राम, प्रमोद कुमार गोस्वामी, सतेंद्र चौधरी एवं श्री राम मंगल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों से बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके बेहतर भविष्य के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।





