गुजरात में भाजपा, हिमाचल में कांग्रेस की जीत

0
105

अहमदाबाद। गुजरात विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी रिकार्ड जीत की ओर अग्रसर है। चुनाव आयोग द्वारा जारी रुझानों के मुताबिक, भाजपा 158, कांग्रेस 16 और आम आदमी पार्टी चार सीटों पर आगे चल रहे हैं। राज्य भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को शपथ लेंगे। उन्होंने कहा, भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को दोपहर दो बजे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
मालूम हो कि चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के मुताबिक, भाजपा ने 79 सीटों पर जीत हासिल की है और राज्य की कुल 182 सीटों में से 79 पर आगे चल रही है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव का जनादेश अब स्पष्ट हो चुका है, यहां की जनता ने मन बना लिया है कि दो दशक से चली आ रही गुजरात की इस विकास यात्रा को अविरत चालू रखना है। यहां के लोगों ने एक बार फिर बीजेपी पर अटूट भरोसा दिखाया है।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने मतगणना के बीच अपनी हार मान ली है। चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 22 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 17 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, बीजेपी ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है और 12 सीटों पर आगे चल रही है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वह थोड़ी देर में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उन्होंने कहा, मैं अब से थोड़ी देर में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने जा रहा हूं।

उन्होंने कहा, मैं जनता के जनादेश का सम्मान करता हूं और मैं पिछले 5 वर्षों के दौरान पीएम और अन्य केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहता हूं। हम राजनीति से इतर राज्य के विकास के लिए खड़े रहेंगे। हम अपनी कमी का विश्लेषण करेंगे और अगले कार्यकाल में सुधार करेंगे।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी जीत हुई है। वहां की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश में बड़ी जीत हुई है। वहां की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया है। मल्लिकार्जुन खरगे के अध्यक्ष बनने की बाद यह पहली जीत है और प्रियंका जी ने भी खूब प्रचार किया। यह जीत वहां के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं की जीत है।

भाजपा 150 के पार, कांग्रेस 20 के अंदर सिमटी

गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 156 सीटें जीती हैं। उसे 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं।
पीएम मोदी बोले- गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं

गुजरात में बीजेपी की विराट जीत के बाद पीएम मोदी ने गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- गुजरात आपका धन्यवाद। ऐसे नतीजे देखकर मैं अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति को अपना आशीर्वाद दिया है और यह भी बता दिया है कि वे और भी इस विकास को और भी तेजी से जारी रखना चाहते हैं। मैं गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं।
12 दिसंबर को गांधीनगर में सीएम की शपथ लेंगे पटेल

गुजरात में गुरुवार सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद ईवीएम से काउंटिंग शुरू हुई थी। गुजरात भाजपा प्रमुख पाटिल ने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे गुजरात के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

सभी मंत्री जीते, सीएम बोले- जनता को भाजपा पर भरोसा

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव का जनादेश अब स्पष्ट हो चुका है, यहां की जनता ने मन बना लिया है कि दो दशक से चली आ रही गुजरात की इस विकास यात्रा को अविरत चालू रखना है। यहां के लोगों ने एक बार फिर बीजेपी पर अटूट भरोसा दिखाया है।
आप पांच सीटों पर सिमटी, लेकिन राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला

आम आदमी पार्टी गुजरात में महज 5 सीटें जीत सकी है। उसके तीनों बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया शामिल हैं। इसके बावजूद वोट शेयर के आधार पर आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया है। अब पार्टी पूरे देश में अपने नाम और चुनाव चिह्न के साथ लड़ सकेगी।

ओवैसी के सभी 13 कैंडिडेट चित, भाजपा के बागी भी हारे

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने पहली बार गुजरात विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया था। एआईएमआईएम ने कुल 13 में से 2 हिंदू कैंडिडेट भी मैदान में उतारे थे। पार्टी के सभी कैंडिडेट चुनाव हार गए हैं। वडोदरा की वाघोडिया सीट से भाजपा के बागी मधु श्रीवास्तव भी चुनाव हार गए हैं। निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स ने 4 सीटें जीत ली हैं।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here