Yes Bank News: यस बैंक ने अपनी कर्मचारी शेयर योजना (ESOP) के तहत 50.89 लाख नए शेयर जारी किए हैं, जिससे बैंक को 7.13 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
Yes Bank News: हमेशा चर्चा में रहने वाला यस बैंक से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, बैंक ने लगभग 50.89 लाख नए शेयर जारी किए हैं। ये शेयर बैंक ने अपनी ‘कर्मचारी शेयर योजना’ (ESOP) के तहत जारी किए हैं। इन नए स्टॉक ऑप्शन को जारी करने से बैंक को 7.13 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
यस बैंक ने खुद इसकी जानकारी एक एक्सचेंज फाइलिंग में दी। कंपनी ने फाइलिंग में कहा कि 7 मई 2026 को बैंक की उस कमेटी ने (जो कर्मचारियों के वेतन और फायदों से जुड़े फैसले लेती है) 50,89,979 (लगभग 50.89 लाख) नए शेयर जारी करने की मंजूरी दे दी है।
Yes Bank ने जो शेयर जारी किए वो किसे मिले?
यस बैंक ने जो शेयर जारी किए हैं वह उन कर्मचारियों या निवेशक को दिए गए हैं, जिन्होंने बैंक की खास स्कीमों (YBL PESOP 2020 और RSU Plan 2024) के तहत मिले ‘स्टॉक ऑप्शंस’ का इस्तेमाल किया।
दरअसल, कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को इनाम या बोनस के तौर पर भविष्य में सस्ते दाम पर कंपनी के शेयर खरीदने का विकल्प देती हैं, जिसे ESOP कहते हैं। कर्मचारियों ने उसी विकल्प का इस्तेमाल करके ये शेयर लिए हैं। Yes Bank के इन नए शेयरों की ‘फेस वैल्यू’ 2 रुपये प्रति शेयर है।
बैंक ने एक स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा- यह सूचित किया जाता है कि बैंक की Nomination and Remuneration Committee ने 07 मई, 2026 को YBL ESOS 2020 योजना के तहत YBL PESOP 2020 स्कीम और YBL RSU योजना, 2024 के अंतर्गत 50,89,979 स्टॉक विकल्पों के प्रयोग के फलस्वरूप, 2/- रुपये के अंकित मूल्य वाले 50,89,979 (पचास लाख नवासी हजार नौ सौ उनहत्तर) इक्विटी शेयरों के आवंटन को मंजूरी दे दी है। और बैंक ने इन स्टॉक विकल्पों के प्रयोग से 7,13,78,404/- रुपये (केवल सात करोड़ तेरह लाख अठहत्तर हजार चार सौ चार रुपये) प्राप्त किए हैं।”
Yes Bank के शेयरों में गिरावट
आज यानी शुक्रवार 8 मई 2026 को यस बैंक के शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। दोपहर 11 बजकर 50 मिनट के आसपास Yes Bank Share -1.42 % की गिरावट के साथ 22.18 रुपये (Yes Bank Share Price) के स्तर पर कारोबार कर रहा है। पिछले बंद भाव 22.51 रुपये की अपेक्षा आज यह 22.47 रुपये के स्तर पर खुला और अब तक 22.70 रुपये के उच्चतम और 22.18 रुपये के निचले स्तर तक जा चुका है।





