विरमा भवन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक
महोबा। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति की अध्यक्षता में शनिवार को विरमा भवन में पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अध्यक्ष ने दो टूक निर्देश दिए कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पिछड़ा वर्ग के पात्र लोगों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे।
अध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग के आश्रम पद्धति विद्यालयों में ओबीसी छात्रों के प्रवेश और छात्रावास की सुविधाओं की पड़ताल की। उन्हें बताया गया कि छात्रावासों में लाइब्रेरी, सोलर पैनल और वाटर कूलर की मुकम्मल व्यवस्था है। वृद्धावस्था पेंशन और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों की संख्या जानी और लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना के प्रति जागरूकता के लिए विशेष अभियान और कैंप आयोजित किए जाएं।
साध्वी निरंजन ज्योति ने विभिन्न विभागों में संविदा व अन्य भर्तियों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में ओबीसी अभ्यर्थियों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। कौशल विकास विभाग की समीक्षा में सामने आया कि 762 ओबीसी युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 584 स्वरोजगार से जुड़ चुके हैं।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी सहकारी समितियों को पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश देते हुए एक विवादित समिति की जांच कराने के आदेश दिए। इसके अलावा, उन्होंने ज्येष्ठ खान अधिकारी को खनिज न्यास फाउंडेशन (डीएमएफ) के फंड से पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्रों में विकास कार्य कराने को कहा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर पंकज सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





