Saturday, May 2, 2026
spot_img
HomePoliticalकर्नाटक में फूटा 'ऑडियो क्लिप बम', कांग्रेस MLA के दावे पर मचा...

कर्नाटक में फूटा ‘ऑडियो क्लिप बम’, कांग्रेस MLA के दावे पर मचा सियासी बवाल; विधायक के समर्थन में उतरी BJP

कर्नाटक में सियासी भूचाल आ गया है। कांग्रेस विधायक बी.आर. पाटिल का एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है जिसमें आवास विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। पाटिल ने दावा किया कि उनके खुलासे से सरकार हिल जाएगी। भाजपा ने न्यायिक जांच और मंत्री जमीर अहमद खान के इस्तीफे की मांग की है।

कर्नाटक में एक बार फिर से सियासी भूचाल आया है। कर्नाटक राज्य नीति एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष और कांग्रेस विधायक बी.आर. पाटिल का एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें आवास विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है।

कथित ऑडियो क्लिप में विधायक पाटिल दावा कर रहे हैं कि अगर वह अपने पास मौजूद जानकारी का खुलासा कर देंगे तो कांग्रेस नीत सरकार की नींव हिल जाएगी। ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद कर्नाटक भाजपा इकाई ने आरोपों की न्यायिक जांच की मांग की है।

कर्नाटक भाजपा ने मंत्री का मांगा इस्तीफा

कर्नाटक भाजपा ने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया से आवास मंत्री जमीर अहमद खान का इस्तीफा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कथित टेलिफोन बातचीत के ऑडियो क्लिप में विधायक पाटिल जो कलबुर्गी जिले अलंद विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, मंत्री जमीर के निजी सचिव सरफराज खान से बात करते हुए सुने जा सकते हैं।

कथित ऑडियो क्लिप में विधायक पाटिल अपने निर्वाचन क्षेत्र के गांवों में घरों के आवंटन में कथित रिश्वतखोरी पर अपना आक्रोश व्यक्त करते सुने जा सकते हैं और इस दौरान वे सचिव से सवाल भी कर रहे हैं।

वे कह रहे हैं, “घर केवल उन लोगों को आवंटित किए जा रहे हैं जिन्होंने रिश्वत दी है। मुझे अपनी ही सरकार के खिलाफ शिकायत उठाते हुए दुख हो रहा है। लाभार्थियों से पैसे लेने के बाद विभिन्न गांवों में कुल 950 घर आवंटित किए गए हैं। मेरे सिफारिश पत्रों की अनदेखी की जा रही है।”

ऑडियो क्लिप पर विधायक की नहीं आई कोई प्रतिक्रिया

हालांकि, कथित ऑडियो क्लिप में निजी सचिव सरफराज खान के द्वारा विधायक को शांत करने की कोशिश करते हुए सुना जा सकता है और उन्होंने विधायक से लाभार्थियों की अपनी सूची प्रस्तुत करने के लिए कहा और आश्वासन दिया कि उन्हें भी घर आवंटित किए जाएंगे।

ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद विधायक पाटिल ने कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है। साथ ही, कांग्रेस की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस बीच, कर्नाटक भाजपा इकाई ने ऑडियो क्लिप को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के लिए खड़ी है।

भाजपा का कांग्रेस पर निशाना

विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा, “कांग्रेस विधायक और मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार बसवराज रायरेड्डी ने पहले कहा था कि कांग्रेस सरकार के तहत कर्नाटक भ्रष्टाचार में नंबर एक स्थान पर है। अब उस दावे को मजबूत करते हुए, कांग्रेस विधायक बी.आर. पाटिल ने आवास मंत्री ज़मीर अहमद खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।” “विधायक बी.आर. पाटिल ने आरोप लगाया है कि आलंद विधानसभा क्षेत्र में कुल 950 घरों को रिश्वत के माध्यम से आवंटित किया गया था।

उन्होंने कहा, “मैं विधायक बी.आर. पाटिल से आग्रह करता हूं कि वे आवास विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के बारे में जो भी जानकारी उनके पास है, उसे सार्वजनिक करें और लोकायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराएं। भाजपा इस मामले में उनका पूरा समर्थन करेगी।”

भाजपा ने जांच की मांग की

अशोक ने आगे कहा, “जब उनकी अपनी पार्टी के विधायक भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, तो आवास मंत्री जमीर अहमद खान को अपने पद पर बने रहने का क्या नैतिक अधिकार है? मुख्यमंत्री सिद्दरमैया को तुरंत जमीर अहमद खान से इस्तीफ़ा मांगना चाहिए और विधायक बी.आर. पाटिल द्वारा पेश किए गए मोबाइल फोन कॉल ऑडियो के आधार पर एक मौजूदा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तहत न्यायिक जांच का आदेश देना चाहिए।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular