महोबा। तहसील चरखारी के नरेड़ी गांव में तंत्रमंत्र के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। सब्जी बेच रही एक महिला को दो बाबाओं ने बातों में उलझाकर डराया और जादू टोना करने का नाटक किया ओर पैसे मांगे, लेकिन महिला ने पैसे देने से मना कर दिय, जिस पर एक बाबा ने महिला के सिर पर छड़ी मारी और वह बेसुध हो गई। यह देख आसपास के दुकानदारों व खड़े लोगों बाबाओं का पकड़ा, लेकिन एक बाबा मौके से फरार हो गया।
नरेडी गांव निवासी कल्लू अपनी पत्नी रमा के साथ मुख्यालय में रहकर मजदूरी करता है। रमा घर चलाने में मदद के लिए पान मंडी में सब्जी बेचती है। शुक्रवार को रमा मंडी सब्जी बेच रही थी, तभी झोला टांगे हुए दो युवक उसके पास पहुंचे और भीख मांगने लगे। जब महिला ने पैसे देने से मना किया तो दोनों कथित बाबाओं ने उसे डराना शुरू कर दिया और कहा कि उसके साथ अनर्थ होने वाला है। महिला को मानसिक रूप से भयभीत करने के लिए उन्होंने अगरबत्ती और लोबान जलाया और दो गुलाब के फूल उसके सामने रख दिए। इसके बाद अचानक एक बाबा ने अपनी छड़ी महिला के सिर व हाथ पर मार दी, जिससे महिला बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी।
यह मंजर देख आसपास मौजूद दुकानदारों और आढ़तियों में हड़कंप मच गया, बावजूद इसके लोगों ने बाबाओं को पकड़ना चाहा, लेकि एक बाबा मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा आरोपी पकड़ा गया जिसकी लोगों ने पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं बेहोश महिला को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डॉ. अमित राजपूत ने बताया कि महिला अत्यधिक घबराहट और बेचैनी की स्थिति में थी। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से फरार साथी व अन्य संभावित गिरोह के बारे में पूछतांछ करने में जुटी है।





