पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष रहेगा जारी, तभी होगी डॉ राम आशीष सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : बृजेश
सिद्धार्थनगर। ऑल टीचर्स एम्प्लॉइज़ वेलफ़ेयर एसोसिएशन अटेवा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा प्रदेश संयुक्त मंत्री जनार्दन शुक्ल तथा प्रदेश आईटी सेल सहप्रभारी वीरेंद्र कुमार सक्सेना के निर्देशन तथा मंडल अध्यक्ष बलवंत चौधरी के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष बृजेश द्विवेदी, जिला संयोजिका सुश्री कल्पना, जिला महामंत्री संजय कर पाठक एवं जिला कोषाध्यक्ष श्रीकृष्ण चौधरी के नेतृत्व में स्वर्गीय डॉ. राम आशीष सिंह की पुण्यतिथि मनाने हेतु श्रद्धांजलि सभा करके श्रद्धासुमन अर्पित करके कलेक्ट्रेट परिसर में मनाई गई। इस दौरान डॉ राम आशीष सिंह अमर रहे, पुरानी पेंशन बहाल हो के नारे लगाए गए।
ज्ञात हो कि पुरानी पेंशन बहाली मंच अटेवा उत्तर प्रदेश द्वारा 7 दिसंबर 2016 को लखनऊ विधानसभा के सामने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिक्षक एवं कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। उसी दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज एवं अफरा-तफरी में डॉ. राम आशीष सिंह का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके पवित्र उद्देश्य की प्राप्ति हेतु शहादत की स्मृति को नमन करते हुए अटेवा द्वारा प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है।
श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बृजेश द्विवेदी ने डॉ राम आशीष सिंह की शहादत को नमन करते हुए सभी को पुरानी पेंशन बहाली आन्दोलन की लौ को सतत जलाए रखने और पुरानी पेंशन बहाल होने तक बिना रुके संघर्ष करते रहने का संकल्प ग्रहण कराते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ राम आशीष सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब पुरानी पेंशन बहाल हो जाएगी।





