बांसी। तहसील क्षेत्र अंतर्गत मिठवल ब्लॉक मुख्यालय पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा दिया जा रहा धरना खण्ड विकास अधिकारी के मौखिक आश्वासन पर सोमवार को समाप्त हो गया।सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय प्रकाश मिश्र की अगुवाई में क्षेत्र पंचायत मिठवल के पंचायत सदस्य अपनी समस्याओं व वाजिब मांगों से संबंधित ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी को देने के लिए ब्लॉक पर धरनारत थे। शाम को खण्ड विकास अधिकारी सौरभ पाण्डेय के आश्वासन पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने धरना समाप्त करने की घोषणा किया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा बताया गया कि मनरेगा योजना वर्ष 2025- 26 कार्ययोजना पर अभी तक एक भी परियोजना पर प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति बीडीओ मिठवल द्वारा नहीं किया जा रहा है।
जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अपने अपने वार्डों से प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति हेतु एक मांह पूर्व प्रार्थना पत्र खण्ड विकास अधिकारी को दिया गया था। जिसपर बीडीओ द्वारा भौतिक सत्यापन हेतु जेई (आरईएस) एडीओ (सहकारिता) तथा एपीओ की तीन सदस्यीय टीम बनाई गई थी। सदस्यों के अनुसार एक माह बीत जाने के बाद भी टीम द्वारा भौतिक सत्यापन नहीं किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य कार्यकाल के अंतिम चरण में बीतते कार्य अवधि को लेकर चिंतित है। खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दिया गया आश्वासन क्षेत्र पंचायत सदस्यों की चिंता का मरहम बनेगा कि कोरा साबित होगा देखना होगा।





