HomeMarqueeछात्र प्रदर्शन के बाद हरकत में प्रशासन, सर्वोदय इंटर कॉलेज में शुरू...

छात्र प्रदर्शन के बाद हरकत में प्रशासन, सर्वोदय इंटर कॉलेज में शुरू हुए सुधार कार्य; डीएम ने दी जानकारी

आरओ, पंखे और शौचालय व्यवस्था में सुधार शुरू, विज्ञान वर्ग के लिए संसाधन पूरे होने पर शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मीडिया से बातचीत में बताया कि छात्रों द्वारा उठाई गई अधिकांश मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं और कई सुधारात्मक कार्य शुरू भी हो चुके हैं।

गौरतलब है कि बीते दिन सर्वोदय इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सड़क पर उतर आए थे। छात्रों ने आरओ पेयजल व्यवस्था, कक्षाओं में पंखे और बेंच, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, खेल मैदान की सफाई तथा इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान वर्ग शुरू किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हो गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित मजिस्ट्रेट को तत्काल विद्यालय भेजा गया। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। डीएम के अनुसार विद्यालय में आरओ पेयजल व्यवस्था, पंखों की उपलब्धता और शौचालयों की साफ-सफाई का कार्य शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है। विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग पर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन जैसे ही प्रयोगशाला और विज्ञान शिक्षा से संबंधित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूरी करेगा, जिला प्रशासन शासन को मान्यता प्रदान करने के लिए प्रस्ताव भेज देगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल है।

बुधवार को एसडीएम और जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां छात्र सामान्य रूप से अध्ययन करते मिले और शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित पाया गया। मीडिया द्वारा प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्रों के दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े होने संबंधी वायरल वीडियो पर पूछे गए सवाल के जवाब में जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी सूचना मिली है, जिसकी सत्यता की जांच कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए हैं कि छात्रों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान विद्यालय स्तर पर ही समय रहते करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular