अम्बेडकरनगर जनपद में 19 जून को हरित चौपाल, 20 जून को बृहद स्वच्छता अभियान तथा 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर के ऑडिटोरियम में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख भीटी मलखान सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद के सभी ग्राम प्रधान, प्रशासक, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सचिव एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।
विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल ने योग को स्वस्थ एवं निरोग जीवन का आधार बताते हुए लोगों से इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तीनों कार्यक्रमों को जनआंदोलन के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी ग्राम पंचायतों में हरित चौपाल का आयोजन होगा, जिसमें किसानों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया जाएगा। आगामी 5 जुलाई को वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों को उनकी मांग के अनुसार निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 20 जून को सुबह 10 बजे से सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम पंचायत, अमृत सरोवर, विकासखंड, तहसील और जनपद स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहनें, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कोलकाता से योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था सभी आयोजन स्थलों पर की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय हवाई पट्टी, अकबरपुर में आयोजित होगा। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





