महोबा। अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह ने बुधवार को थाना कुलपहाड़ क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने आगामी जलविहार मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों और तालाबों का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने प्र0नि0 थाना कुलपहाड़ राधेश्याम वर्मा को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं पंडालो में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था तथा विशेष रूप से जलाशयों में गोताखोरों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “जनपद वासियों की सुरक्षा हमारी प्रथम प्राथमिकता है। जलविहार जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों व जवानों को भी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि जनपद महोबा अपनी चंदेलकालीन ऐतिहासिक धरोहर, सरोवरों और तालाबों के लिए विख्यात है। इन जलाशयों में होने वाला जलविहार महोत्सव न केवल बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि यह परंपरा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र भी है।





