गोरखपुर । सहजनवा थाना क्षेत्र के सहजनवां कस्बे में सोमवार की रात्रि 10.30 बजे के करीब दुर्गा प्रतिमा दर्शन करने पहुंचे एक युवक की बाइक में टक्कर हो गई थी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतक युवक की पहचान आकाश निषाद पुत्र दिलीप निषाद 16 वर्ष निवासी बनकटिया, रूप में हुई है। घटना उस वक्त हुई जब आकाश अपने साथियों के साथ मोटर साइकिल से सहजनवां बाजार में दुर्गा पूजा देखने गए थे। जानकारी के अनुसार, जब वे सिनेमा रोड से आगे बढ़े, तो उनकी बाइक की टक्कर किसी दूसरी बाइक से हो गई। इसके बाद, मौके पर मौजूद कुछ दबंगों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पिटाई करना शुरू कर दी।
इस मारपीट में आकाश निषाद की मौत हो गई। उनके साथ गए तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान निक्की पुत्र रमाकांत 12वर्ष, विशाल पुत्र विनोद 15 वर्ष और रंजीत पुत्र श्रवण कुमार 15 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन घटना स्थल पर पहुंचे थे। जो युवक को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए ले गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी लेने के लिए एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एएसपी अरुण कुमार एस,सीओ प्रशिक्षु अपूर्व पाण्डेय,पहुंचे थे। मृतक तीन भाई में सबसे बड़ा था।
इस संदर्भ में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना लग रहा है। मृतक के पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कारवाई की जायेगी।





