तमकुहीराज, कुशीनगर। भारतीय परंपरा और शक्ति के प्रतीक दंगल को नई पहचान देने की दिशा में सेवरही क्षेत्र के ग्राम नैनुपहरु में सोमवार को भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन अभिप्रियम ग्रुप के तत्वावधान में युवा समाजसेवी अभिषेक मिश्रा की अगुवाई में संपन्न हुआ, जिसमें देश-विदेश के नामी पहलवानों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
दोपहर से शुरू होकर शाम तक चले इस रोमांचक दंगल में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। मुकाबलों में एक से बढ़कर एक दांव-पेंच देखने को मिले। सबसे चर्चित मुकाबले में अमेरिका से आए पहलवान प्रज्ञा अलिम्प को हाथरस के केशरी रामेश्वर यादव ने पटखनी देकर 2 लाख 51 हजार रुपये का घोषित इनाम अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर के पहलवान कौशांबी के रामकिशुन तिवारी ने मथुरा के मोगे पहलवान को हराकर 1 लाख 51 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं कजाकिस्तान के मुरर्स पहलवान ने कानपुर के रवि को चित कर 1 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि हासिल की।हाथरस के मोहन ने पंजाब के चकोर को हराकर 1 लाख 41 हजार रुपये का इनाम जीता।
प्रयागराज के चिंता पहलवान और हाथरस के बबलू के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा, वहीं गाजीपुर के रितेश और हरियाणा के दीपक आहला का दंगल भी रोमांचक बराबरी पर छूटा। महिला मुकाबलों में दिल्ली की बवीता और हरियाणा (सोनीपत) की सबीता के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन बवीता ने मथुरा के पुरुष पहलवान लालबहादुर को चित कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नंद किशोर मिश्रा ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ कराया। संचालन अयोध्या के बाबा बजरंगी एवं जालौन से आए संदीप राणा ने किया। समापन अवसर पर आयोजक अभिषेक मिश्रा एवं अंकुश मिश्रा ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़कू तिवारी, केशव पांडेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्रा, के.डी. सिंह कुशवाहा, प्रधान मिंटेश राय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अभिषेक मिश्रा की इस पहल को क्षेत्र में खेल और भारतीय परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





