पुलिस ने आरोपी युवक को भेजा जेल
पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। चोर ने एक गल्ला व्यवसायी की दुकान से पौने दो लाख रुपये चुराए थे। पुलिस ने चोर के पास से चोरी के 1 लाख 76 हजार रुपये नकद, एक आधार कार्ड और 24 विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी पर विभिन्न थानों में 16 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक थाने का वारंटी भी है।
जायस थाना क्षेत्र के कस्बे में हुई थी। बहादुरपुर मंडी के पास स्थित ‘श्री दुर्गा जी ट्रेडिंग कंपनी’ नामक आढ़त का संचालन आशीष अग्रवाल पुत्र अनूप अग्रवाल करते हैं। तीन दिन पहले, दुकान संचालक किसी काम से पास के धर्म कांटे पर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि गल्ला खाली था और उसमें रखे रुपये गायब थे।
पीड़ित ने तत्काल मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आज शाम चेकिंग के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लतीफ उर्फ नफीस पुत्र अजीज, निवासी पुरे पन्नू औलाद हुसैन, थाना जायस, कस्बे में ही मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान, अभियुक्त के पास से चोरी के 1 लाख 76 हजार रुपये, 24 विजिटिंग कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बहादुरपुर मंडी स्थित आढ़त पर काफी देर से नजर रखे हुए था। जैसे ही गल्ले पर बैठा व्यक्ति उठा, उसने गल्ले को खोलकर उसमें रखे सारे रुपये चुरा लिए और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है।





