25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी होमगार्ड परीक्षा
जिले में कुल 05 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक पाली में 2064 अभ्यर्थी करेंगे प्रतिभाग
महोबा। होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को अत्यंत गंभीरता एवं सतर्कता के साथ संपादित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
बैठक दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत एवं इंटरनेट की सुचारु व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने एवं चेकिंग, फ्रिस्किंग को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, परिवहन एवं वितरण की प्रक्रिया को पूर्णतः मानकों के अनुरूप एवं कड़ी निगरानी में संपन्न कराए पर जोर दिया साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया कि परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 05 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक पाली में 2064 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। अंत में अधिकारियों ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।





