स्व. गिरिजा देवी की स्मृति में होगा विराट कवि सम्मेलन
गोरखपुर । गगहा क्षेत्र एक बार फिर साहित्यिक रंग में रंगने जा रहा है। दिनांक 28 मार्च शनिवार को आर पी डी एकेडमी, टिकरी के प्रांगण में भव्य एवं आकर्षक कवि सम्मेलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन युवा साहित्यिक एवं सामाजिक मंच एवं पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
यह प्रतिष्ठित कवि सम्मेलन प्रख्यात हास्य कवि स्व. रामाश्रय मिश्र ‘उजबक’ जी की प्रेरणा से पिछले 13 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जो अब क्षेत्र की एक विशिष्ट साहित्यिक परंपरा का रूप ले चुका है।
इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सुधाकर तिवारी की माता स्व. गिरिजा देवी की पावन स्मृति को समर्पित रहेगा, जिससे कार्यक्रम में भावनात्मक और सांस्कृतिक गरिमा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश व आसपास के जनपदों से आए प्रख्यात कवि अपनी सशक्त रचनाओं के माध्यम से हास्य, ओज, वीर एवं श्रृंगार रस की शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जिससे श्रोता देर रात तक काव्य रस में डूबे रहेंगे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष विनय कुमार शुक्ल एवं उपाध्यक्ष सुधाकर तिवारी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए यादगार होगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक जागरूकता को भी नई दिशा देगा।
उन्होंने क्षेत्र के समस्त बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों एवं आम जनमानस से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य कवि सम्मेलन को सफल बनाएं और साहित्य की इस परंपरा को आगे बढ़ाएं।





