सीएचसी से दवा लेकर लौट रहे पति-पत्नी को रास्ते में घेरकर पीटा, जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने का भी आरोप
महोबा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी से उपचार कराकर बाइक से वापस घर लौट रहे पति पत्नी के साथ दबंग अभद्रता करने लगे जब इसका विरोध किया तो दंपत्ति को लाठी डंडों से मारपीट कर दी। शोर शराब सुन लोगों ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो दबंग धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित दंपत्ति ने गुरूवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दबंगों के खिलाफ शिकायाती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कस्बा पनवाड़ी के राजगंज निवासी दयावती अपने पति राकेश अहिरवार के साथ सीएचसी से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। आरोप है कि हैवतपुरा शराब ठेके के पास पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उनकी बाइक रोक ली। दबंगों ने दयावती के साथ अभद्रता कर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करना शुरू कर दिया। जब पति राकेश ने इसका विरोध किया, तो चार आरोपियों ने लाठी डंडों से उस पर हमला कर दिया। दयावती ने जब अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
शोर शराबा सुन लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी पति पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पति को लेकर दयावती न्याय की उम्मीद में थाने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही उसका और उसके घायल पति का मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया गया। पीड़ित महिला अपने पति और बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंची है। महिला ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पति के इलाज की मांग की है।





