जलालपुर, अंबेडकरनगर जलालपुर पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक पांच वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जहांगीरगंज क्षेत्र के किन्नूपुर निवासी सुषमा चौहान पत्नी नागेंद्र चौहान अपने लगभग पांच वर्षीय पुत्र उमंग के साथ अपने ननिहाल आई हुई थीं। इसी दौरान किसी कारणवश मासूम उमंग मंगुराडीला चौराहे के पास अपनी मां से बिछड़ गया और लापता हो गया। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया तथा उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
उधर, सूचना मिलने पर जलालपुर कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और बच्चे की पहचान कराने का प्रयास किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मासूम उमंग को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद महिला कांस्टेबल अनामिका ने बच्चे की मां सुषमा चौहान की पहचान सुनिश्चित कराते हुए मां-बेटे का मिलन कराया। अपने बेटे को सकुशल देखकर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटे बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
जलालपुर पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करती है। क्षेत्रीय लोगों ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया है।





