समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री ने दिखाये कड़े तेवर, अधिकारियों को दिये कार्यशौली में सुधार लाने के निर्देश
जनपदीय अधिकारियों की टीम बनाकर कराये स्कूलों का औचक निरीक्षण।
एक -एक स्कूलों को गोद ले जनपदीय अधिकारी।
बहराइच। विकास भवन सभागार बहराइच में विधानसभा बहराइच अन्तर्गत संचालित विकास कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रदेश की राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राजस्व एवं वित्त (एमओएस) श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने थानाध्यक्ष रानीपुर, चैकी प्रभारी गल्लामण्डी, रायपुर राजा, चिलवरिया, खुटेहना को निर्देश दिया कि पुलिस से सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण 03 दिवस में सुनिश्चित करते हुए अपनी कार्यशैली में सुधार लायें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन से मित्रवत व्यवहार करने का भी निर्देश दिया।

बेसिक शिक्षा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों के द्वारा औचक निरीक्षण कराया जाय। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जिले के अधिकारी विद्यालयों को गोद लें ताकि वहाॅ पर शिक्षण व अन्य व्यवस्थाओं में सुधार हो सके। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि शिक्षकों को निर्देशित किया जाय कि अभिभावकों के साथ पारिवारिक सम्बन्ध स्थापित कर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाय।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों की कार्यशैली पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि जिला चिकित्सालयों में आने वाले मरीज़ों को शासन द्वारा अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। श्रीमती जायसवाल ने यह भी निर्देश दिया कि सभी चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों को निर्देशित कर दिया जाय मरीज़ों के साथ मित्रवत व्यवहार करें और उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि समस्त प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाय।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाय तथा योजनान्तर्गत् पात्र व्यक्तियों को ही लाभान्वित किया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि योजना में लापरवाही पाये जाने पर कठोर कार्यवाही भी की जाय। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्थानों पर पेयजल की किल्लत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी इण्डिया मार्का-2 हैण्डपम्पों, नलकूपों इत्यादि को प्रत्येक दशा में क्रियाशील रखा जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्वच्छता कार्यक्रम को मात्र स्वच्छ शौचालयों तक ही सीमित नहीं रखा जाये बल्कि स्वच्छता के सभी मानकों को पूरा किया जाय। उन्होंने अधि.अधि. नगर पालिका परिषद बहराइच को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र में साफ-सफाई के माकूल बन्दोबस्त किये जायें तथा वर्षाऋतु से पूर्व ही सभी नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाय जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा, बिजली विभाग की योजनाएं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, समाज कल्याण सेक्टर अन्तर्गत संचालित विभिन्न प्रकार की पेंशन व छात्रवृत्ति योजना, श्रावस्ती माॅडल, गेहूॅ क्रय, नगर में जाम की समस्या, लोक निर्माण, खाद्य सुरक्षा अधिनियम सहित अन्य बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए श्रीमती जायसवाल ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह में परिवर्तन नज़र आना चाहिए। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से गेहूॅ क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार गेहॅू क्रय सुनिश्चित करायें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर, मुख्य विकास अधिकारी राम चन्द्र, अपर जिलाधिकारी राम सुरेश वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रवीन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, पूर्व अध्यक्ष सहकारी बैंक जितेन्द्र प्रताप सिंह, प्रमुख शिवपुर के प्रतिनिधि पुरूषोत्तम सिंह जायसवाल, जय प्रकाश शर्मा मौजूद रहे।

अतहर महेंदी की रिपोर्ट
——————————————————————————————————————–
अगर आप भी चाहते है अपने मोबाइल पर खबर तो तुरंत इस 9918956492 नंबर को अपने फ़ोन में अवधनामा के नाम से सेव करे और हमे व्हाट्सप्प कर अपना नाम और जिला बताये और पाए अपने फोन पर लेटेस्ट खबरे





