नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक सफर के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी शुरू कर दी है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा।
पश्चिम बंगाल में अभियान को बूथ से लेकर जिला स्तर तक ले जाने की तैयारी है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर कम से कम 25 दीये जलाए जाएंगे। इन दीयों को उनके स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और सेवा के प्रति आभार के प्रतीक के रूप में बताया गया है।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रशासनिक कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और विशेष शिविरों के जरिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों को लाभ दिलाने में सहायता करने की योजना है।
भाजपा नेताओं के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकास से जुड़े संदेश को जमीनी स्तर तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। देश के अन्य राज्यों में भी इसी अवधि में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





