राठ (हमीरपुर)। कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया महिंद्रा 265 डीआई लाल रंग का ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को एक किसान ने कोतवाली राठ में तहरीर देकर बताया था कि उसके कमरे के बाहर खड़ा महिंद्रा 265 डीआई लाल रंग का ट्रैक्टर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 260/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सुरागरसी, साक्ष्य संकलन और तकनीकी माध्यमों से जांच की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पनवाड़ी रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के आगे से ग्राम लिधौरा, थाना मझगवां निवासी पवन यादव (19) पुत्र दृगपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया महिंद्रा 265 डीआई लाल रंग का ट्रैक्टर (बिना नंबर) बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 317(4) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। चोरी की घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संगमलाल प्रजापति, कांस्टेबल मिथुन पौरिया तथा कांस्टेबल प्रदीप शर्मा शामिल रहे।





