HomeMarqueeअध्यक्ष राज्य महिला आयोग ने की महिला जन सुनवाई, किया जनपद स्तरीय...

अध्यक्ष राज्य महिला आयोग ने की महिला जन सुनवाई, किया जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता

सिद्धार्थनगर। अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग डॉ0 बबिता सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को महिला जन सुनवाई एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। महिला जनसुनवाई के दौरान डॉ0 बबिता सिंह चौहान के समक्ष महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ आदि के कुल 13 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। अध्यक्ष डॉ0 बबिता सिंह चौहान ने सम्बंधित अधिकारी को त्वरित कार्यवाही कर प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण दोनो पक्षो को सुनकर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भेदभाव न किया जाये समस्याओं का त्वरित निस्तारण करायें।

महिला थाना की थानाध्यक्ष/सम्बंधित थानाध्यक्ष को जिन प्रकरणों में पति, पत्नी विवाद है दोनो पक्षों को बुलाकर उनको जागरूक करते हुये नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। डॉ0 बबिता सिंह चौहान ने निर्देश दिया कि पन्द्रह दिन के अन्दर में प्रकरणों के निस्तारण रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओ का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिलायें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में शिक्षको की उपस्थिति की जांच कराने का निर्देश दिया।

शिक्षक स्कूल में समय से उपस्थित हों तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करायें। जो बालिकायें स्कूल नहीं जा रही हैं उनको कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से जोड़कर शिक्षित किया जाये जिससे वह शिक्षा से वंचित न रहें। जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी विद्यालयों में महिला शौचालय की व्यवस्था तथा सेनेटरी पैड (वेन्डिंग मशीन) की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि विद्यालयों में भी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाये। महिलाओं को जागरूक करने हेतु हेल्पलाइन नम्बरों की वाल पेंटिंग, बैनर सार्वजनिक जगहों, सभी ब्लाकों, स्कूलों, हास्पिटल, बस स्टाप आदि पर कराने का निर्देश दिया। बाल कल्याण समिति को बाल विवाह को रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

अध्यक्ष, उप्र राज्य महिला आयोग, डॉ0 बबिता सिंह चौहान द्वारा माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड को देखा गया तथा वार्ड में भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। उन्होने निदेश दिया कि सभी डाक्टर समय से डियूटी पर उपस्थित रहें तथा मरीजों का बेहतर इलाज करें। मेडिकल कालेज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अन्तर्गत केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। कन्या को जन्म देने वाली लाभार्थियों को उपहार वितरित किया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। बालिका के जन्म से लेकर पढ़ाई की व्यवस्था सरकार द्वारा दिया जा रहा है। कन्या सुमंगला योजना के कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कालेज डॉ0 राजेश मोहन, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, महिला कल्याण विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात डॉ0 बबिता सिंह चौहान द्वारा जिला जेल सिद्धार्थनगर का निरीक्षण किया गया। विचाराधीन महिला बन्दियों से वार्ता कर उनका हाल-चाल जाना गया। इसके साथ ही जेल में महिलाओ को दिये जा रहे सिलाई, कढ़ाई प्रशिक्षण आदि को देखा गया। समय समय पर बन्दियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा पाकशाला, बैरक, शौचालय आदि को देखा गया तथा निर्देश दिया कि बंदियों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular