अम्बेडकरनगर जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों तथा राजस्व संबंधी बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लक्ष्य के अनुरूप वसूली तथा विकास योजनाओं में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वरासत, नामांतरण, खतौनी संशोधन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने सीएम डैशबोर्ड की प्रगति में सुधार के लिए नियमित अनुश्रवण और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए ईशा प्रिया ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए। भूमि विवादों और आईजीआरएस शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से स्थायी समाधान निकालने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, राजस्व अभिलेखों की शुद्धता बनाए रखने तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को नायक तहसीलदार एवं तहसीलदार स्तर पर लंबित वादों तथा धारा-34 के प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।विकास कार्यों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुसार सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने सभी पैरामीटर में गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित कर रैंकिंग में सुधार लाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





