दो महीने से विकास कार्य बंद, ग्रामीणों की परेशानी पर प्रधान संगठन ने उठाई आवाज
बाराबंकी। जनपद की ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप होने से नाराज अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासक नियुक्त प्रधानों को तत्काल विकास कार्य कराने की अनुमति देने की मांग की। संगठन का कहना है कि करीब दो माह पहले प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें विकास कार्य कराने की स्वीकृति नहीं मिली है। इसके चलते गांवों में सड़क, नाली, जल निकासी, ह्यूम पाइप, सार्वजनिक शौचालय और अन्य आवश्यक कार्य पूरी तरह प्रभावित हैं। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है।
नालियों की सफाई, रास्तों की मरम्मत और पानी निकासी के कार्य अनुमति के अभाव में शुरू नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में तैयार कर ब्लॉकों को भेजी गई कई कार्य योजनाएं भी स्वीकृति के अभाव में वापस हो गईं।प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनहित को देखते हुए प्रशासक ग्राम प्रधानों को तत्काल विकास कार्यों की अनुमति दी जाए तथा लंबित कार्य योजनाओं को मंजूरी देकर धनराशि जारी की जाए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को राहत मिल सके। इस दौरान प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव, प्रशासक अर्शीन बानो (अनीश अफजाल अंसारी), शाहावपुर इस्तिखार अहमद सहित कई प्रधान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।





