हमीरपुर। जनपद पुलिस की प्रभावी पैरवी और ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत सोमवार को विशेष पॉक्सो न्यायालय से दो अहम मामलों में दोषियों को कड़ी सजा मिली। वहीं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, अवैध शराब बरामद की तथा विभिन्न मामलों में वांछित और वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
विशेष पॉक्सो न्यायालय, हमीरपुर ने थाना मौदहा के वर्ष 2018 के मामले में 11 वर्षीय बालिका से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी आबाद अहमद उर्फ बाबूजी को दोषी ठहराते हुए 5 वर्ष के कठोर कारावास तथा 6 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। अभियोजन की ओर से एडीजीसी रुद्र प्रताप सिंह ने प्रभावी पैरवी की।
इसी प्रकार थाना कोतवाली नगर के वर्ष 2017 के मामले में नाबालिग किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी रावेन्द्र उर्फ रविन्द्र को न्यायालय ने 14 वर्ष के कठोर कारावास और 8 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। यह सफलता भी ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी का परिणाम रही।
उधर, थाना बिवांर पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए राघवेन्द्र उर्फ राघव और गौरव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पंखा, कूलर, गैस सिलेंडर, स्टील के बर्तन तथा चांदी के आभूषण सहित चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजा गया।
थाना जरिया पुलिस ने अलकछवा नहर के पास से हेमेन्द्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। थाना कुरारा पुलिस ने वर्ष 2017 के मारपीट एवं धमकी के मामले में न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में हरीपाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
थाना राठ पुलिस ने मारपीट से संबंधित बीएनएस के मुकदमे में वांछित रविन्द्र को राठ बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया और विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
वहीं थाना जलालपुर पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं से संबंधित मुकदमे में वांछित सारोक खान को रहटिया तिराहा से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। प्रभावी विवेचना, सशक्त अभियोजन और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों को सजा दिलाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।





