नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। एनटीए की ओर से कहा गया कि OMR या अन्य दस्तावेजों को AI द्वारा या डिजिटली मैनिपुलेट किया गया है।
नीट यूजी रिजल्ट जारी होने के बाद से ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर लगातार छात्र गड़बड़ी का आरोप लगा रहे थे। इसमें से कुछ प्रमुख स्टूडेंट्स आर्या, प्रतिभा, अभय, लक्ष्य और अवनीश ने गड़बड़ी के दावे किये थे जिन्हें सोमवार को एनटीए ने X पर जानकारी साझा करते हुए सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया है।
एनटीए द्वारा कहा गया कि इन स्टूडेंट्स द्वारा या उनकी ओर से फैलाई गई तस्वीरें AI द्वारा बदली गईं है डिजिटली मैनिपुलेट की गई हैं। NTA ने पहली बार NEET-UG 2026 के नतीजों को चुनौती देने वाली शिकायतों में AI से बनी OMR शीट का पता लगाया है। एजेंसी ने कहा था कि घोषित नतीजों में अब तक कोई गलती नहीं पाई गई है और चेतावनी दी थी कि नकली रिकॉर्ड का इस्तेमाल करने वाले उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है, उन्हें प्रतिबंधित किया जा सकता है और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी हो सकती है।
X पर ट्वीट कर साझा की ये डिटेल
एनटीए ने अभय यादव (एप्लीकेशन नंबर 260411367191) के NEET (UG) 2026 OMR आंसर शीट और रिजल्ट के बारे में दावों के संबंध में बताया कि NTA ने रिकॉर्ड की जांच कर ली है। उम्मीदवार की असली OMR NTA के पास है। OMR रिस्पॉन्स की (response key) को चुनौती देने की अवधि के दौरान इसे उनके रजिस्टर्ड ईमेल पते पर ईमेल भी किया गया था।
उम्मीदवार ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि केवल 5 सवाल बिना हल किए छोड़े गए थे और रिजल्ट 634 मार्क्स का होना चाहिए। रिकॉर्ड इस बात की पुष्टि नहीं करता है। 180 सवालों में से 44 सवाल बिना हल किए छोड़े गए थे। फाइल में मौजूद OMR और कैलकुलेशन शीट एक-दूसरे से मेल खाते हैं। 164 मार्क्स का स्कोर वेरिफाई हो गया है और घोषित स्कोर ही सही माना जाएगा।
NTA ने आगे लक्ष्य सिंह (एप्लीकेशन नंबर 260412053016) द्वारा अपनी NEET (UG) 2026 OMR आंसर शीट के बारे में किए गए दावों के संबंध में जानकारी दी-
जो इमेज शेयर की जा रही है, उसमें ऐसे निशान (response markings) दिख रहे हैं जो असली शीट पर नहीं हैं। नकली OMR शीट बनाने के लिए डिजिटल तरीके से अतिरिक्त बबल भरे गए हैं। 180 सवालों में से, उम्मीदवार ने 54 सवालों के जवाब दिए (34 सही, 20 गलत) और 126 सवाल बिना जवाब दिए छोड़ दिए। 116 अंकों का स्कोर वेरिफाई हो चुका है और घोषित स्कोर ही सही माना जाएगा।
एनटीए द्वारा अगली छात्रा प्रतिभा त्रिवेदी (एप्लिकेशन नंबर 260412140662) के बारे में OMR आंसर शीट के बारे में किए गए दावों के संबंध में बताया गया कि उम्मीदवार की असली OMR शीट NTA के पास है। जो इमेज फैलाई जा रही है, वह असली OMR शीट का डिजिटल रूप से बदला हुआ वर्जन है। यह NTA के रिकॉर्ड में मौजूद शीट नहीं है और इसमें डिजिटल रूप से काफी बदलाव किए गए हैं।
38 अंकों का स्कोर वेरिफाई हो चुका है और घोषित स्कोर ही मान्य रहेगा।
एनटीए ने अवनीश श्रीवास्तव (एप्लिकेशन नंबर 260411198880, रोल नंबर 2001805051) और उनकी NEET (UG) 2026 OMR आंसर शीट के बारे में बताया कि उम्मीदवार की असली OMR फाइल में मौजूद है। OMR रिस्पॉन्स की (response key) को चुनौती देने की अवधि के दौरान इसे उनके रजिस्टर्ड ईमेल पते पर ईमेल भी किया गया था। इसमें उम्मीदवार का सही नाम (अवनीश श्रीवास्तव), उनके पिता का नाम (मुकेश कुमार) और उनकी मां का नाम (रेखा कुमारी), उनके हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान, और इनविजिलेटर (निरीक्षक) के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
जो इमेज फैलाई जा रही है, वह NTA द्वारा जारी OMR शीट नहीं है। उस इमेज में दी गई पहचान (“अजीत सिंह, श्री लखन सिंह और श्रीमती रीना सिंह के पुत्र”) NEET (UG) 2026 के लिए रजिस्टर्ड किसी भी उम्मीदवार से मेल नहीं खाती है। NEET (UG) 2026 डेटाबेस में उस नाम और माता-पिता के विवरण वाला कोई उम्मीदवार मौजूद नहीं है।
यह इमेज उम्मीदवार की अपनी असली OMR शीट का डिजिटल रूप से दोबारा बनाया गया वर्जन है। पहचान वाले हिस्सों को ओवरराइट (बदल) दिया गया है, और शीट के प्रिंटेड हिस्से को AI या OCR-आधारित टूल से दोबारा बनाया गया है, जिससे असली OMR शीट के कुछ हिस्सों में साफ तौर पर गलतियां दिख रही हैं; ऐसी गलतियां कोई उम्मीदवार पेन से नहीं कर सकता। रिकॉर्ड में मौजूद उम्मीदवार की अपनी OMR शीट का सही मूल्यांकन किया गया है। 337 अंकों का स्कोर वेरिफाई हो चुका है और घोषित स्कोर ही सही है।
कानपुर की आर्या सिंह (एप्लीकेशन नंबर 260410434102) के NEET (UG) 2026 OMR आंसर शीट के बारे में किए गए दावों के संबंध में एनटीए ने जानकारी दी कि जो इमेज फैलाई जा रही है, वह उसी शीट का डिजिटल रूप से बदला हुआ वर्जन है। असली शीट पर एक इनविजिलेटर (निरीक्षक) के हस्ताक्षर का दर्ज समय 3:45 PM था, जिसे बदली हुई इमेज में 2:45 PM कर दिया गया है। नकली OMR शीट पर डिजिटल बदलाव के कई अन्य निशान भी हैं। 167 अंकों का स्कोर वेरिफाई हो चुका है और जैसा घोषित किया गया था, वैसा ही रहेगा।
आपको बता दें कि सभी छात्रों की जानकारी एनटीए द्वारा अपने सोशल मीडिया X हैंडल पर साझा की गई है।
एनटीए ने दी चेतावनी
नकली OMR आंसर शीट बनाना या फैलाना, या किसी सार्वजनिक परीक्षा के रिकॉर्ड से अलग दावे करना, ‘पब्लिक एग्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024’ के तहत एक अपराध है। ऐसे में जो इन्हें सर्कुलेट करेगा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाही की जा सकती है।





