बिलग्राम (हरदोई)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भावनाथ पांडेय ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी करते मिले, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई।
सीएमओ ने फार्मेसी में दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने टीबी यूनिट, पैथोलॉजी लैब, ईटीसी वार्ड, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष तथा न्यू बॉर्न स्टेबिलाइजेशन यूनिट (एनबीएसयू) का भी गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत लंबित एवं किए गए भुगतानों की समीक्षा करते हुए संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। डॉ. पांडेय ने सभी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमंत राजपूत, डॉ. रविकांत शर्मा, डॉ. कपिल देव त्रिपाठी, जीतू वर्मा, दीपू वर्मा, अन्नू भारद्वाज, शराफत खान, पुनीत यादव, अक्षय मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





