वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी में (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में उपलब्धि हासिल करते हुए हरहुआ क्षेत्र स्थित “संत अतुलानंद रचना परिषद” में (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों को हरित, आधुनिक एवं निरंतर ऊर्जा आपूर्ति प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा है।
वही इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, (उप महाप्रबंधक) कर रहे हैं। वाराणसी के सिटी की परियोजना के समग्र संचालन सुशील कुमार (महाप्रबंधक) के नेतृत्व में चल रहा है। श्री अंसारी ने बताया कि,संस्थान की ऊर्जा आवश्यकता के अनुसार इसके विभिन्न संचालन कार्यों हेतु प्रतिमाह लगभग (30) एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होती है।
पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही संस्थान को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे भोजनालय, रसोईघर तथा अन्य गैस-आधारित सुविधाओं का संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेगा। एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से प्रतिमाह अनुमानित (30) एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, होटल उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।





