गोण्डा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम असरना बोटन पुरवा की रहने वाली एक महिला ने पड़ोसियों पर रास्ता रोकने, जल निकासी बाधित करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसके परिवार को लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
बीते 1 जुलाई को सुबह कुछ लोगों ने एकजुट होकर उसके घर के सामने से बरसात के पानी की निकासी रोक दी। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का कहना है कि उसने थाना कटरा बाजार में शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 8 जुलाई की शाम को फिर से विवाद हुआ और आरोपितों ने दोबारा मारपीट व धमकी दी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान द्वारा लगाई गई जल निकासी पाइप को भी उखाड़कर फेंक दिया गया, जिससे उसके घर के सामने पानी भर गया है। लगातार बारिश के कारण घर में लगभग दो फीट तक पानी जमा हो गया है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा रास्ता और जल निकासी तत्काल बहाल कराने की मांग की है।





