चाँदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, एक आरोपी घायल, दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
फतेहपुर। जनपद के थाना चाँदपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना चाँदपुर क्षेत्र के गूढ़ेश्वर मंदिर के पास संदिग्धों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में धर्मेन्द्र पुत्र विशालू निवासी कंजरन डेरा मजरा नोनारा, थाना जहानाबाद के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसका साथी गोलू पुत्र विनोद निवासी कंचनपुर, थाना बिंदकी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की घटनाओं से संबंधित ₹3,400 नकद तथा एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, दोनों आरोपी सुनसान रास्तों पर पैदल जा रहे बुजुर्गों को बाइक पर बैठाने का झांसा देते थे। रास्ते में उनका ध्यान भटकाकर जेब से नकदी निकाल लेते थे। इसी तरीके से इन्होंने थाना चाँदपुर और थाना कल्याणपुर क्षेत्र में दो चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनमें दोनों वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र के खिलाफ विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं फरार आरोपी गोलू पर जनपद और अन्य जिलों के थानों में 13 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी गोलू की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में थाना चाँदपुर पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





